जम्मू-कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में बड़ा हादसा हुआ है। यहां कुपवाड़ा जिले में सेना की एक चौकी हिमस्खलन की चपेट में आ गई। इससे सेना का एक जवान शहीद हो गया जबकि दो घायल हैं।
अधिकारियों ने बताया कि उत्तरी कश्मीर के कुपवाड़ा जिले के तंगधार इलाके में मंगलवार की रात करीब आठ बजे नियंत्रण रेखा के पास रोशन पोस्ट में सेना की एक चौकी हिमस्खलन की चपेट में आ गई। चौकी पर तैनात तीन जवान भी इसकी चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत बचाया गया और एक अस्पताल में भर्ती करया गया। जिसमें से एक जवान शहीद हो गया।
शहीद जवान की पहचान सेना की 7 राष्ट्रीय राइफल्स के राइफलमैन निखिल शर्मा (25) के रूप में हुई है। दो अन्य सैनिक रमेश चंद और सिपाही गुरविंदर सिंह को भर्ती किया गया है।
इससे पहले ही प्रदेश के ऊंचाई वाले स्थानों पर भारी बर्फबारी और मैदानी इलाकों में बारिश के बाद मौसम विभाग ने कश्मीर घाटी के चार जिलों कुपवाड़ा, बारामुला, बांदीपोरा और गांदरबल में मध्यम व हल्के श्रेणी के बर्फीले तूफान आने की चेतावनी जारी की थी।
इन स्थानों पर शनिवार को शुरू हुई बर्फबारी सोमवार को भी जारी रही। अधिकारियों के मुताबिक, बारामुला के गुलमर्ग के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट और गांदरबल के सोनमर्ग के पर्यटन स्थल में यह सीजन की पहली बड़ी बर्फबारी है।