रियासत में स्वाइन फ्लू का दायरा लगातार बढ़ता जा रहा है। कश्मीर में अब तक दो लोगों की एच1एन1 वायरस की चपेट में आने से मौत हो चुकी है। घाटी में सबसे ज्यादा 71 मामले पाजिटिव पाए गए हैं। लद्दाख में भी तीन मामले सामने आए हैं।
जम्मू से भी बुधवार को नौ संदिग्ध मरीजों के थूक व खून के सैंपल जांच के लिए दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संचारी रोग संस्थान में भेजे गए। यहां अभी कोई मामला पाजिटिव न आने से राहत है। कश्मीर में तेजी से पनप रहे स्वाइन फ्लू के वायरस को देखते हुए स्कूलों की शीतकालीन छुट्टियां बढ़ाई जा सकतीं हैं।
घाटी में स्वाइन फ्लू के बढ़ते खतरे को देखते हुए शेर-ए-कश्मीर इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (स्किम्स), स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर काम कर रहा है।
स्वास्थ्य निदेशक कश्मीर डॉ. सलीम-उल-रहमान ने कहा कि एहतियात बरत कर स्वाइन फ्लू के वायरस से बचा जा सकता है। सार्वजनिक स्थलों पर लोगों को जाने से परहेज करना चाहिए।