जम्मू संभाग में टीकाकरण को लेकर लोगों में उत्साह तो है, लेकिन केंद्रों में वैक्सीन की कमी लोगों को मायूस कर रही है। लोगों को लंबी लाइनों में घंटों इंतजार के बाद भी बिना वैक्सीन लगवाए लौटना पड़ रहा है। सोमवार को डिग्याना पार्क में सरकारी डिस्पेंसरी में बने केंद्र में वैक्सीन न होने से लोगों को टीका नहीं लग पाया। 50 साल के सतिंद्र सिंह ने कहा कि रविवार को भी टीकाकरण केंद्र बंद था। सोमवार को उम्मीद थी कि टीका लगेगा, लेकिन यहां वैक्सीन ही नहीं है।
शास्त्री नगर में टीकाकरण केंद्र में सुबह दस बजे से ही लंबी लाइनें लगी हुई थीं। रविवार को इस केंद्र में भी छुट्टी थी। ऐसे में सोमवार को लोग टीका लगाने के लिए बड़ी संख्या में पहुंचे। भीड़ जुटने पर सोशल डिस्टेंसिंग की जमकर धज्जियां उड़ती रहीं। केंद्र में दोपहर दो बजे तक वैक्सीन लगनी थी, लेकिन करीब साढ़े बारह बजे ही वैक्सीन खत्म हो गई है और लोगों को बेरंग लौटना पड़ा।
55 साल के शाम लाल ने कहा कि वह जरूरी काम छोड़ टीका लगाने आए थे, लेकिन वैक्सीन खत्म हो गई। वह एक घंटा लाइन में खड़े रहे, लेकिन अब बिना टीका लगवाए ही लौटना पड़ रहा है। 40 साल की महिला सुनीता ने कहा कि छुट्टी के बाद वैक्सीनेशन सेंटर में भीड़ होना लाजिमी है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग को वैक्सीन पर्याप्त मात्रा में भेजनी चाहिए।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर: कोरोना की तीसरी लहर को दावत दे रही है ये लापरवाही, देखिए तस्वीरें
वहीं सरकार की तरफ से जारी विज्ञप्ति के अनुसार सोमवार को प्रदेश में 45 प्लस वर्ग में 27176 लोगों को टीका लगाया गया। जम्मू जिले में 3105, उधमपुर में 1998, राजोरी में 1300, कठुआ में 1208, पुंछ में 1716, रामबन में 620, डोडा में 996, किश्तवाड़ में 629, रियासी में 1166 व सांबा में 1132 लोगों को वैक्सीन दी गई।
नौ जिलों में 45 प्लस वर्ग में सौ फीसदी टीकाकरण
प्रदेश के नौ जिलों में 45 प्लस वर्ग में सौ फीसदी टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने का दावा सरकार ने किया है। इन जिलों में शोपिया, बडगाम, बारामुला, बांदीपोरा और गांदरबल के अलावा जम्मू संभाग के जम्मू जिला, राजोरी, पुंछ और सांबा जिला शामिल हैं।