लगभग पांच महीने बाद 16 अगस्त से प्रदेश के सभी धार्मिक स्थल खुल जाएंगे। जुलूस और धार्मिक आयोजनों पर फिलहाल रोक रहेगी। सरकार की ओर से इस बारे में विस्तृत दिशा-निर्देश बाद में जारी किए जाएंगे। इसके साथ ही जिम तथा योग केंद्र भी खुल जाएंगे। उन्हें एसओपी का पालन करना होगा। प्रदेश सरकार की ओर से अनलॉक-3 की नई गाइडलाइन मंगलवार को जारी की गई, जो पांच अगस्त से प्रभावी होंगी।
नए दिशा-निर्देश के अनुसार सिनेमा हॉल, बार, स्वीमिंग पूल, स्कूल-कॉलेज आदि बंद अभी बंद रहेंगे। अंतरराज्यीय तथा अंतरसंभागीय परिवहन सेवा भी बंद रहेगी। ऑरेंज तथा ग्रीन जिलों के बीच अंतरजनपदीय सार्वजनिक परिवहन सेवा की अनुमति रहेगी।
राज्य में आने वाले वाले यात्रियों के लिए पहले जैसी व्यवस्था ही प्रभावी रहेगी। ट्रेन तथा हवाई मार्ग से आने वालों को होम क्वारंटीन किया जाएगा, जबकि सड़क मार्ग से आने वालों को 14 दिन तक प्रशासनिक क्वारंटीन में रखा जाएगा। सभी जिलों में रात दस बजे से सुबह पांच बजे तक रात्रि का कर्फ्यू भी जारी रहेगा।
बांदीपोरा को छोड़ पूरा कश्मीर रेड जोन
बांदीपोरा जिले को छोड़कर पूरा कश्मीर रेड जोन में है। जम्मू संभाग का रामबन जिला भी रेड जोन में है। कुल 10 जिले रेड जोन में हैं। जम्मू, कठुआ, सांबा, बांदीपोरा, रियासी, उधमपुर, पुंछ व राजोरी जिलों को ऑरेंज जोन और डोडा व किश्तवाड़ को ग्रीन जोन में रखा गया है।