पाकिस्तान ने किया संघर्षविराम का उल्लंघन
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर में राजोरी जिले के नौशेरा और पुंछ जिले के बालाकोट सेक्टर में पाकिस्तान ने संघर्षविराम का उल्लंघन किया है। सीमा पार से छोटे और बड़े हथियारों से गोलाबारी की जा रही है। पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का भारतीय सेना माकूल जवाब दे रही है।
इससे पहले शनिवार को पाकिस्तान ने एलओसी(नियंत्रण रेखा) और आईबी(अंतर्राष्ट्रीय सीमा) पर अग्रिम चौकियों व रिहायशी इलाकों को निशाना बनाकर गोलाबारी की थी। राजोरी जिले के नौशेरा सेक्टर में शनिवार दोपहर को बाबा खोड़ी व गणया क्षेत्र में पाकिस्तान ने छोटे-बड़े हथियारों से जोरदार गोलाबारी की। सेना की जवाबी कार्रवाई पर पाकिस्तान ने किसी प्रकार के नुकसान से बचने के लिए गोलाबारी रोक दी।
वहीं अंतरराष्ट्रीय सीमा (आईबी) पर कठुआ जिले के हीरानगर सेक्टर में शुक्रवार रात करीब 11 बजे पाकिस्तान की 25 चिनाब के रेंजरों ने सामां चक पोस्ट से गोलाबारी शुरू की, जो दो घंटे तक जारी रही। इस दौरान बीएसएफ की गुरनाम पोस्ट को निशाना बनाने की कोशिश की गई। गोलाबारी शुरू होते ही बीएसएफ ने भी मोर्चा संभालते हुए जोरदार कार्रवाई की। ज्ञात हो कि पिछले कई दिनों से पाकिस्तान की ओर से एलओसी व आईबी पर गोलाबारी की जा रही है।