श्रीनगर के डिप्टी मेयर परवेज कादरी अपने पद पर बने रहेंगे। उनके खिलाफ पेश अविश्वास प्रस्ताव पर बुधवार को सदन में कोरम के अभाव में मतदान नहीं हो सका। 70 पार्षदों वाले श्रीनगर नगर निगम के सदन में बुधवार को सिर्फ 26 पार्षद ही पहुंचे।
जानकारी के अनुसार, 15 जुलाई को एसएमसी के 38 पार्षदों ने डिप्टी मेयर परवेज अहमद कादरी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसके चलते 26 अगस्त को फ्लोर टेस्ट की घोषणा की गई थी, जिसमें पार्षदों को अपने मत का इस्तेमाल करना था।
बुधवार को एसएमसी में हुए फ्लोर टेस्ट के लिए केवल 26 पार्षद ही मौजूद थे। इसलिए प्रस्ताव गिर गया। एक अधिकारी ने बताया कि एसएमसी में पार्षदों की संख्या 70 है और करीब 36 पार्षदों को अपने मत का इस्तेमाल कर अविश्वास प्रस्ताव पर मोहर लगानी थी। फ्लोर टेस्ट में सिर्फ 26 पार्षदों की उपस्थिति के कारण ऐसा नहीं हो सका। फिलहाल परवेज कादरी अपने पद पर कायम रहेंगे।
अविश्वास प्रस्ताव के बाद हटना पड़ा था मेयर को
गौरतलब है कि, इससे पहले इसी वर्ष 16 जून को श्रीनगर के पूर्व मेयर जुनैद अजीम मट्टू के खिलाफ भी अविश्वास प्रस्ताव पेश किया गया था और उसमें पार्षदों द्वारा अपने मत का इस्तेमाल कर उन्हें मेयर के पद से हटाया गया था। फिलहाल परवेज कादरी कार्यकारी मेयर के तौर पर काम कर रहे हैं।