जम्मू-कश्मीर के पर्यटन स्थलों पर अब कोरोना निगेटिव रिपोर्ट के बिना पहुंचने वालों का कोविड टेस्ट होगा। यदि वैक्सीन लगाए बिना पर्यटक आते हैं तो उन्हें टीका लगाने के बाद ही पर्यटन स्थलों में प्रवेश मिलेगा। जम्मू संभाग के सबसे प्रसिद्ध पर्यटन स्थल पटनीटॉप, नत्थाटॉप, सनासर, सुद्धमहादेव और मानतलाई जाने वाले पर्यटकों की जांच और वैक्सीनेशन के लिए प्रशासन ने टीमें तैनात कर दी हैं।
कश्मीर संभाग में भी प्रशासन ने टास्क फोर्स गठित कर पर्यटन स्थलों पर कोविड गाइडलाइन के सख्ती से पालन की तैयारी कर ली है। बारामुला के गुलमर्ग और टंगमर्ग में टीमों ने काम शुरू कर दिया है। गांदरबल में भी कोविड गाइडलाइन पर पालन सुनिश्चित करने के लिए विशेष हिदायतें जारी की गई हैं।
जम्मू संभाग के उधमपुर जिला प्रशासन ने आदेश जारी किया है। चिनैनी में टीमों को तैनात किया गया है। यहीं से पर्यटक पटनीटॉप, नत्थाटॉप, सनासर, सुद्धमहादेव और मानतलाई की ओर जाते हैं। पहले केवल कोविड टेस्टिंग की जा रही थी। अब बिना वैक्सीन के आने वालों को मौके पर ही टीका लगाने की व्यवस्था की गई है।
दरअसल वीकेंड में पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं। इस दौरान कोविड गाइडलाइन को दरकिनार किया जा रहा है। इसी को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने कोविड टेस्ट के साथ टीकाकरण को अनिवार्य कर दिया है।
प्रदेश प्रशासन के बाद पर्यटन स्थलों में जाने वालों के लिए कोविड जांच और वैक्सीन रिपोर्ट होना जरूरी कर दी गई है। इसके बिना आगे जाने की इजाजत नहीं मिलेगी। संबंधित इलाकों में लगाए गए स्टाल पर भी नजर रखी जा रही है। इसके लिए मजिस्ट्रेट और पुलिस की तैनाती की गई है।
- परवेज अहमद नायक, एसडीएम, चिनैनी
पंचैरी में भी कोविड टेस्ट के बाद ही मिल रहा प्रवेश
पटनीटॉप की तरह अब पर्यटन स्थल पंचैरी में भी पर्यटकों को अब कोरोना टेस्ट करवाने के बाद ही जाने की अनुमति मिलेगी। मंगलवार को कैंथगली इलाके में कोरोना टेस्टिंग का शिविर लगाकर पर्यटकों की टेस्टिंग का काम शुरू कर दिया गया। शाम तक पंचैरी में कुल 14 पर्यटक पहुंचे और सबको कोरोना टेस्ट करवाने के बाद पंचैरी में प्रवेश करने की अनुमति मिली। यह व्यवस्था लगातार जारी रहेगी।