राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को उत्तरी कश्मीर के बारामुला और श्रीनगर में कई जगहों पर छापामारी की। एनआईए के एक अधिकारी ने बताया कि टीमों ने बारामुला-उड़ी में कई और श्रीनगर में एक जगह छापामारी की।
यह छापामारी हिजबुल मुजाहिदीन कमांडर नवीद बाबू की गिरफ्तारी तथा हथियारों की सप्लाई से संबंधित थी। इसके अलावा क्रॉस एलओसी ट्रेड के जरिये टेरर फंडिंग मामले में भी चार व्यापारियों के घर पर बारामुला में छापा मारा गया।
इस दौरान काफी आपत्तिजनक सामग्री और डिजिटल उपकरण सीज किए गए। एनआईए की ओर से जारी बयान में बताया गया कि हिजबुल मुजाहिदीन वाले मामले में हथियारों की तस्करी और हिज्ब आतंकियों को हथियार मुहैया करवाने के आरोप में 29 अप्रैल को गिरफ्तार किए गए माल्डेरा शोपियां के तारिक मीर
के पांच अन्य साथियों के घर पर छापामारी की गई।
एनआईए की टीमों ने बारामुला के उड़ी दर्दकोट में आजाद अहमद पीर, बोनियार में हलीमा बेगम, कानस्पोरा में शाहीन लोन (पीडीडी विभाग में बतौर इंस्पेक्टर काम कर रहे), वाजा मोहल्ला पलहालन में शाहीन के ससुर के घर और चिनाड़ में शरीन बीबी (आरोपी तारिक की पत्नी) के घरों पर छापे डाले।