प्रदेश के सूक्ष्म, लघु और मध्यम (एमएसएमई) उद्योगपतियों की बड़ी चुनौतियों को समझने का वक्त आ गया है। एमएसएमई की चुनौतियों, समाधान और भविष्य की योजनाओं पर अमर उजाला एमएसएमई फॉर भारत कॉन्क्लेव आज (शनिवार) जम्मू शहर में होगा।
विज्ञापन
शहर के प्रतिष्ठित होटल विवांता सिटी सेंटर में ठीक तीन बजे से कार्यक्रम का आगाज होगा। कार्यक्रम दो सत्रों में आयोजित किया जाएगा। उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी इस मंथन कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि मौजूद होंगे।
उद्योग विभाग के निदेशक अरुण कुमार मन्हास और श्रम आयुक्त चरणजीत सिंह विशिष्ट अतिथि होंगे। इसके अलावा अन्य विभागों के अधिकारी उद्योगपतियों के सवालों का जवाब देने के लिए उपलब्ध रहेंगे। कार्यक्रम के पहले सत्र में उद्योगपतियों के मुद्दों पर अधिकारियों से सीधा संवाद होगा।
विज्ञापन
इस सत्र में चयनित उद्योगपति अधिकारियों के साथ मंच साझा करेंगे और उद्योग जगत से जुड़े मुद्दों को अधिकारियों के सामने रखेंगे। उद्योग जगत के मुद्दों पर जिम्मेदार अधिकारी उद्यमियों के सवालों का जवाब देंगे।
दूसरे सत्र में उपमुख्यमंत्री सुरिंदर चौधरी करेंगे मंच साझा
उद्योग विभाग के निदेशक अरुण कुमार मन्हास और श्रम आयुक्त चरणजीत सिंह उन्हें उद्योगपतियों से बातचीत और उनके मुद्दों की जानकारी देंगे। इसके बाद उपमुख्यमंत्री उद्योगपतियों की समस्याओं के समाधान को लेकर सरकार के कदमों और भविष्य की योजनाओं की जानकारी साझा करेंगे।
इस मौके पर फार्मा, सीमेंट, पैकेजिंग, फूड, आयरन, कीटनाशक, खाद्य तेल, क्रिकेट बैट, फ्लोर मिल, राइस मिल समेत जम्मू-कश्मीर के तमाम लघु उद्योग जगत के संचालक मंथन में मौजूद रहेंगे।
मुख्य वक्ता के तौर ये रहेंगे मौजूद
उद्योगपति राकेश बाजीर, राहुल सहाय, अजीत बावा, जितेंद्र ऑल, परवीण परगाल, संजय अग्रवाल, संजय बंसल, हरविंद्र सिंह पहले सत्र में उद्योग जगत का पक्ष रखेंगे।
दूसरे सत्र में उद्योगपति अरुण गुप्ता, वीरेंद्र जैन, ललित महाजन और रुचिका गुप्ता उपमुख्यमंत्री के समक्ष जम्मू संभाग के मुद्दों पर बात करेंगे।
उद्योग विभाग के निदेशक अरुण मन्हास, श्रम आयुक्त चरणजीत सिंह, एसपी साउथ अजय शर्मा, मुख्य अभियंता बिजली बोर्ड केके थापा, मीतेश शर्मा सहायक महाप्रबंधक भारतीय रिजर्व बैंक, प्रदूषण नियंत्रण समिति सदस्य घनश्याम उद्योगपतियों के सवालों का जवाब देंगे।