उप-राज्यपाल मनोज सिन्हा ने जिला और पुलिस प्रशासन को कोविड प्रोटोकाल का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्ती करने को कहा है। इसमें जुर्माने के साथ अन्य प्रावधानों को अमल में लाया जाएगा। उधर, कोविड प्रबंधन में असाधारण कार्य के लिए सरकारी कर्मचारियों को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने लोगों से टीकाकरण अभियान, संपर्क ट्रेसिंग और जोखिम वाली आबादी की सुरक्षा में जिला प्रशासन का सहयोग करने का आग्रह किया है।
उप-राज्यपाल ने शुक्रवार को कोविड टास्क फोर्स की बैठकों में उपायुक्तों, एसपी और अन्य अधिकारियों से रोगी देखभाल प्रबंधन की जानकारी ली। उप-राज्यपाल ने कहा कि जम्मू-कश्मीर में कोविड मामलों में गिरावट है, लेकिन प्रशासन को अतिरिक्त सावधान रहने की जरूरत है। लोगों को कोविड दिशानिर्देशों का सख्ती से पालन करना चाहिए। कुछ क्षेत्रों में सक्रिय मामलों में वृद्धि हुई है जहां लोग कोविड के उचित व्यवहार का पालन नहीं कर रहे हैं। उपायुक्त, एसपी और समाज कल्याण विभाग कमजोर वर्गों, परिवारों और स्वास्थ्य कर्मियों को सहायता प्रदान करे।
लोगों को प्राथमिकता पर दें सरकारी लाभ
उप-राज्यपाल ने कहा कि एसएएससीएम योजना के तहत लाभार्थियों को प्राथमिकता पर सरकारी लाभ दिया जाए। एक मजबूत तंत्र के माध्यम से जीवन और आजीविका दोनों को बचाने का काम किया जाए। 45 से अधिक आयु वर्ग में लोगों को 30 जून तक 100 फीसदी टीकाकरण किया जाए। ब्लॉक स्तर पर दैनिक कोविड रिपोर्ट तैयार की जाए। कोविड महामारी और इसकी चुनौतियों पर अधिक आबादी को जागरूक करने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग, युवा सेवा व खेल विभाग जम्मू कश्मीर बैंक के सहयोग से व्यापक स्तर पर आईईसी अभियान चलाने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग प्रत्येक जिले में कोविड प्रबंधन में असाधारण कार्य के लिए चिकित्सा कर्मियों को पुरस्कृत करने को एक योजना तैयार करे। उन्होंने शेष दो आक्सीजन प्लांट को जल्द चालू करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें- कश्मीर: आतंकी के समर्पण की कहानी, मेजर बोले- साहिल, मेरी बात सुन, मेजर शुक्ला बोल रहा हूं...