दरबार मूव की नई व्यवस्था पर अमलीजामा पहनाते हुए शनिवार को जम्मू नागरिक सचिवालय के बाहर से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में 20 जेकेआरटीसी की बसों में कश्मीर आधारित कर्मचारी श्रीनगर के लिए रवाना हुए। यह कर्मचारी अगले कुछ दिनों तक कश्मीर में परिजनों के साथ दिन बिताकर 11 मई से श्रीनगर स्थित नागरिक सचिवालय से कामकाज शुरू करेंगे।
रवाना होने के दौरान जम्मू के कई कर्मचारियों ने उन्हें विदाई दी और फिर जल्द मिलने का वादा भी किया। उपराज्यपाल प्रशासन ने कोरोना वायरस संक्रमण के फैलाव को देखते हुए इस बार दरबार मूव को स्थगित कर दिया है और यह फैसला लिया कि जम्मू व श्रीनगर दोनों जगह नागरिक सचिवालय में कामकाज होगा।
यह भी पढ़ें- कोवाक्सिन की खेप पहुंची, जम्मू-कश्मीर के दो जिलों में 18 प्लस का टीकाकरण शुरू
इसके चलते जम्मू आधारित कर्मचारियों को जम्मू नागरिक सचिवालय व कश्मीर आधारित कर्मचारियों को श्रीनगर नागरिक सचिवालय से कामकाज करने का मौका मिल गया है।
सरकार ने हालांकि, सभी दरबार मूव के कर्मचारियों को विशेष व्यवस्था के तहत 25 हजार रुपये मूव अलाउंस देने को मंजूरी दी हुई है। दो मई को भी 500 कर्मचारी श्रीनगर के लिए जम्मू से रवाना होंगे।