ट्रांसपोर्ट नगर स्थित जलशक्ति विभाग के मेन स्टोर में रविवार तड़के संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गई। इस अग्निकांड में जम्मू संभाग के लिए स्टोर में रखा गया करोड़ों रुपये का सामान जलकर राख हो गया। फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों की मदद से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। स्टोर में पानी में मिलाने वाला ब्लीचिंग पाउडर पड़ा था, जिससे आग काफी भड़क गई।
जानकारी के अनुसार अनुमानित एक हजार मीट्रिक किलो ब्लीचिंग पाउडर और 50 हजार के करीब पानी को टेस्ट करने वाली किटें जलीं हैं। जलशक्ति विभाग बाकी के नुकसान का आंकलन कर रहा है, क्योंकि यह जम्मू संभाग का मुख्य स्टोर है। इसी स्टोर में जलशक्ति विभाग ने संभाग के लिए अपनी सप्लाई का जरूरी सामान रखा हुआ था। पुलिस के अनुसार रविवार तड़के करीब तीन बजे के आसपास लगी। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शार्ट सर्किट बताया गया है, लेकिन पुलिस मामले की जांच कर रही है।
आग लगने के बाद स्टोर से जब धुआं उठने लगा तो ट्रांसपोर्ट नगर के कुछ लोगों ने पुलिस को सूचित किया। देखते ही देखते धुआं आग की लपटों में बदल गया और आग काफी फैल गई। पुलिस की ओर से दमकल विभाग को सूचित किया गया। मौके पर पहुंचकर दमकल वाहनों की मदद से कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
यह भी पढ़ें- कारगिल युद्ध: द्रास में सुनाई गई कारगिल युद्ध की शौर्यगाथा, वीर नारियों और वीर माताओं की मौजूदगी में सुनाएं वीरों के किस्से
विभाग की टीमों ने किया निरीक्षण नुकसान का किया जा रहा आंकलन
आग लगने की घटना के बाद जलशक्ति विभाग के अफसरों ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। आग लगने से हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। कुछ सामान पूरी तरह से जलकर राख हो गया है कुछ धुएं और आग बुझाने की प्रक्रिया में खराब हो गया। बताया जा रहा है कि करोड़ों रुपये का सामान स्टोर में रखा गया था, जो कि अग्निकांड में जल गया है।
पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट ही सामने आ रहा है। हालांकि मामले की जांच जारी है। संबधित विभाग के अधिकारियों से भी बातचीत की जा रही है।
- अचल कुमार, प्रभारी, पुलिस चौकी नरवाल