कोरोना महामारी रोकथाम के इंतजामों के बीच माता वैष्णो देवी यात्रा के आधार शिविर कटड़ा में नवरात्र महोत्सव की धूम भी कम नहीं है। आधार शिविर कटड़ा से लेकर भवन तक फल-फूल और रंग बिरंगी लाइटों की सजावट देखते ही बन रही है, वहीं नवरात्र महोत्सव की धूम तड़के से ही दिखाई दे रही है।
25वें नवरात्र महोत्सव में प्रभात फेरी का आयोजन हो रहा है। कोरोना काल के चलते श्रद्धालुओं की संख्या कम है, लेकिन भक्तों में उत्साह दोगुना है। सोमवार को औरंगाबाद, अहमदाबाद से आए भक्त प्रभात फेरी का हिस्सा बनकर मंत्रमुग्ध हो गए।
गोरखपुर से आए श्रद्धालुओं के लिए भी प्रभात फेरी का अनुभव यादगार रहा। सोमवार को प्रभात फेरी का शुभारंभ बस स्टैंड से किया गया, जो बाणगंगा रोड के शिव मंदिर से होकर बाजार की परिक्रमा के साथ बस स्टैंड पर आकर संपन्न हुई।
प्रभात फेरी के तीसरे दिन होटल एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष आरएस मन्हास ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। माता के जयकारे लगाते श्रद्धालुओं को देख अन्य लोग भी भक्तिरस में डूब गए। प्रभात फेरी के अध्यक्ष राजकुमार पाधा ने बताया कि अहमदनगर के मराठी कलाकार भी पहुंच गए हैं।
यह कलाकार कोविड प्रोटोकॉल का ध्यान रखते हुए प्रस्तुतियां देंगे। कलाकारों में शामिल शिंदे, संजय राउत, तुकाराम मोदके, प्रकाश खंडारे को माता की चुनरी देकर सम्मानित किया गया। वहीं, श्रद्धालुओं में शामिल राकेश शर्मा, राकेश दुबे, राज कुमार मेंगी, डॉ. करण गुप्ता, अश्विनी कटोच, हंसराज, सुभाष चंद, रेणु जी धर, विमल शर्मा, बलदेव कुमार, रतन लाल, बाबू राम दुबे भी प्रभात फेरी का हिस्सा बने।