जम्मू और कश्मीर क्रिकेट एसोसिएशन ने अब श्रीनगर और अन्य जिलों के खिलाड़ियों तक पहुंचने के लिए स्थानीय टेलीविजन चैनलों पर एक विज्ञापन दिया है। विज्ञापन जोकि मंगलवार को जारी हुआ उसमें एसोसिएशन ने खिलाड़ियों से 31 अगस्त को जम्मू में इकट्ठा होने के लिए कहा है। बता दें कि घरेलू सत्र के लिए तैयारी शिविर 24 सितंबर से शुरू होना है।
भारत सरकार द्वारा अनुच्छेद 370 को समाप्त करने के फैसला के बाद से घाटी के अधिकांश हिस्सों में कर्फ्यू लग गया। नतीजन जेकेसीए अपने किसी भी खिलाड़ी से संपर्क करने में असमर्थ रहा है, जिससे पिछले हफ्ते विज्जी ट्रॉफी से भी बाहर होना पड़ा। जेकेसीए के सीईओ आशिक अली बुखारी ने एक स्पोर्ट चैनल से कहा कि भले ही मोबाइल नेटवर्क बंद है लेकिन कुछ टेलीविज़न चैनल चालू हैं। इसलिए, हमने सोचा कि खिलाड़ियों के लिए संवाद करने का यह सबसे अच्छा तरीका है।
जेकेसीए के प्रशासक सी के प्रसाद ने बुखारी और इरफान पठान से मुलाकात की। इस दौरान बुखारी ने कहा कि घरेलू सीजन के साथ खिलाड़ियों तक पहुंचने के लिए हम कुछ और नहीं कर सकते थे। कम से कम अगर हम टेलीविजन पर विज्ञापन देते हैं तो उन्हें इस शिविर के बारे में जानकारी मिल सकती है।