BDC election 2019 Jammu Kashmir
- फोटो : अमर उजाला
जम्मू-कश्मीर के सांबा में ब्लॉक विकास परिषद के चेयरमैन के चुनाव के लिए जोड़तोड़ चल रही है। प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ पंच और सरपंच के घर जाकर अकेले में मिल रहे हें। कई प्रत्याशी लोभ-लालच तक देने से भी पीछे नहीं हट रहे हैं।
वहीं भाजपा प्रत्याशी के प्रचार के लिए पार्टी की ओर से नेताओं की ड्यूटी लगाई गई है कि वे अपने-अपने ब्लॉक से भाजपा प्रत्याशी की जीत को सुनिश्चित करें। जिले के सीमावर्ती ब्लॉक राजपुरा से तीन प्रत्याशी मैदान में हैं। तीनों अपनी जीत पक्की मान कर चल रहे हैं।
भाजपा की ओर से राजपुरा के सरपंच राधे कृष्ण, चक सद्दा के पूर्व सरपंच विनय शर्मा और सनूरा के सरपंच चुनाव मैदान में हैं। जबकि घगवाल ब्लॉक में भी मुकाबला काफी रोचक बना हुआ है। तीन बार सरपंच का चुनाव जीत चुके सरपंच विजय टंगोत्रा निर्दलीय, भाजपा के सरपंच तरसेम सिंह और आजाद प्रत्याशी पंच रमण शर्मा भी काफी भागदौड़ कर रहे हैं।
भाजपा के पूर्व विधायक दुर्गादास ने सीमावर्ती पंचायतों में डेरा डाल रखा है। उधर, पहाड़ी ब्लॉक सुंब में कश्मीर सिंह, सुभाष भगत भी भाजपा प्रत्याशी की जीत के लिए एड़ी चोटी का जोर लगा रहे हैं। कई ब्लॉक में भाजपा के बागी प्रत्याशी भी मुकाबले में दिख रहे हैं।