जम्मू-कश्मीर के मौसम में उतार चढ़ाव जारी है। कश्मीर के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ बर्फबारी हुई। जवाहर सुरंग के दोनों किनारों पर बर्फ जमा होने के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-44 अवरुद्ध है। बर्फ को हटाने का काम तेजी से चल रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी से हिमस्खलन का खतरा बढ़ गया है।
अगले चौबीस घंटे में रामबन, अनंतनाग, बारामुला, कुपवाड़ा, बांदीपोरा और गांदरबल जिला में मध्यम श्रेणी (येलो अलर्ट) खतरे वाले हिमस्खलन की चेतावनी जारी की गई है। जिला पुंछ, डोडा, किश्तवाड़, कुलगाम और कारगिल जिला में भी निम्न (येलो अलर्ट) श्रेणी के खतरे वाले हिमस्खलन की आशंका है। मौसम विज्ञान केंद्र श्रीनगर के अनुसार शनिवार को मौसम में सुधार होगा, लेकिन कुछ इलाकों में बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
जम्मू में शुक्रवार को दिन का अधिकतम तापमान 22.1 और न्यूनतम तापमान 11.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। संभाग के बनिहाल में दिन का तापमान 12.2, बटोत में 12.2, कटड़ा में 18.9, भद्रवाह में 11.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
न्यूनतम तापमान
लेह माइनस 10.0
कारगिल माइनस 6.6
गुलमर्ग माइनस 5.2
पहलगाम माइनस 0.8