जम्मू-कश्मीर के मेंढर थाने में एक महिला शिक्षक पर एसिड फेंकने का प्रयास करने के आरोप में एक पुरुष शिक्षक के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। आरोपी शिक्षक फरार है। उसकी पहचान जफर इकबाल खान निवासी बालाकोट के रूप में हुई है। एसएचओ मंजूर अहमद कोहली ने बताया कि आरोपी की तलाश जारी है।
जानकारी के अनुसार शुक्रवार को महिला शिक्षक ने शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत के अनुसार गोल्द गांव के सरकारी स्कूल में तैनात शिक्षक जफर इकबाल खान ने उस पर एसिड हमला किया है। आरोपी ने गले में पहनी सोने की चेन भी छीन ली। एसिड फेंकने में असफल होने के बाद वह फरार हो गया।
यह भी पढ़ें- जम्मू-कश्मीर:सुबह घना कोहरा, दोपहर में निकल रही तीखी धूप
महिला शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। उधर जिले में घटना को लेकर सनसनी मची हुई है। एसएचओ ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धारा 326-बी, 354 और महिला पर अत्याचार एवं कीमती सामान चुराने के जुर्म में 382 के तहत मामला दर्ज किया गया है।