राज्य विधानसभा का सत्र श्रीनगर में तीन अक्टूबर से चलेगा। विधानसभा अध्यक्ष (स्पीकर) ने राज्य सरकार को इस बाबत पत्र भेजा है। 15 दिनों तक सत्र चलाने के लिए उन्होंने पत्र में जिक्र किया है।
हालांकि, सूत्रों का कहना है कि राज्य सरकार कम से कम दिनों तक सत्र चलाना चाहती है, ताकि विपक्ष को सरकार को घेरने का ज्यादा मौका नहीं मिल सके। सोमवार को होने वाली कैबिनेट की बैठक में इस पर मुहर लगेगी।
कैबिनेट की बैठक में सत्र की तिथि पर मुहर लगने के बाद इसे राज्यपाल के पास मंजूरी के लिए भेजा जाएगा। राज्यपाल के पास से मंजूर होने के बाद यह विधानसभा सचिवालय में जाएगा।
वहां से अधिसूचना जारी होने के बाद सभी सदस्यों को बैठक की सूचना भेजी जाएगी। विधानसभा अध्यक्ष कविंद्र गुप्ता ने तीन अक्टूबर से सत्र चलाने संबंधी पत्र भेजने की पुष्टि की है। साथ ही कहा है कि उनका प्रयास है कि अधिक से अधिक दिनों तक सत्र चले। साल में कम से कम 60 दिनों का सत्र चलना चाहिए।