समग्र कृषि विकास योजना के तहत हुई बैठक में निर्देश देते एमडी : कृषि विभाग
निदेशक ने दक्ष किसान पोर्टल, किसान साथी पोर्टल की ली जानकारी
समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा की
अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। कृषि विभाग के समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत परियोजनाओं का काम समय पर पूरा करें, किसानों को ज्यादा से ज्यादा लाभ मिल सके। यह निर्देश कृषि उत्पादन विभाग के सचिव और समग्र कृषि विकास कार्यक्रम (एचएडीपी) के मिशन निदेशक संदीप कुमार ने बैठक में दिए।
इस दौरान समग्र कृषि विकास कार्यक्रम के तहत हुए कार्यों की प्रगति की समीक्षा भी की गई। इसमें कश्मीर संभाग के अधिकारी वर्चुअल रूप से शामिल हुए। बैठक में सबसे गत बैठकों के निर्णयों पर हुई कार्रवाई की समीक्षा की गई। साथ ही प्रशिक्षण कैलेंडर जारी किया गया। दक्ष किसान पोर्टल और किसान साथी पोर्टल के संबंध में प्रगति पर जानकारी दी गई।
बैठक के दौरान एमडी ने सभी विभागों को सौंपे गए कार्यों के कार्यान्वयन में तेजी लाने और एचएडीपी के तहत विकास परियोजनाओं के प्रभावी निष्पादन के निर्देश दिए। मिशन निदेशक ने संबंधित अधिकारियों को परियोजनाओं की समय सीमा और उद्देश्यों को पूरा करने को कहा।
पशुधन क्षेत्र में एचएडीपी के तहत विभिन्न योजनाओं और पहलों के माध्यम से पशु स्वास्थ्य, प्रजनन कार्यक्रमों और मूल्य संवर्धन में सुधार के महत्व पर जोर दिया। पोषक अनाज (बाजरा) परियोजना के प्रचार के तहत बाजरा के क्षेत्र विस्तार पर विशेष ध्यान दिया गया।