अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। मुख्य सचिव अटल डुल्लू ने कहा कि विकास परियोजनाओं में बिना उचित कारण देरी करने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई की जाए। ये परियोजनाएं समय पर पूरी करने के लिए उचित प्रयास हों। परियोजना पूर्णता प्रमाण पत्र देने और परियोजनाओं को समय पर पूरा करने पर ही निष्पादन एजेंसियों को धनराशि जारी की जाएगी।
यहां शनिवार को नाबार्ड की ग्रामीण बुनियादी ढांचा विकास निधि (आरआईडीएफ) परियोजनाओं के तहत उच्चाधिकार प्राप्त समिति (एचपीसी) की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डुल्लू ने प्रदेश में सिंचाई सुविधाओं पर हो रहे काम का भी जायजा लिया। कहा, धनराशि का सही प्रयोग किया जाए। उन्होंने नाबार्ड द्वारा विभिन्न विभागों के दौरान पीडब्ल्यूडी, जल शक्ति, कृषि, पशुपालन, बागवानी और स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों को जारी धनराशि के खर्च पर जानकारी ली। नाबार्ड द्वारा जारी राशि से पुलों और अन्य कार्यों को समय पर पूरा किया जाए।