अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने राजभवन में पैरा-तीरंदाज राकेश कुमार और राष्ट्रीय चैंपियन पैरा-तीरंदाज पायल नाग से मुलाकात की। इस दौरान एथलीटों के साथ तीरंदाजी कोच अभिलाषा चौधरी भी मौजूद रहीं। इसके साथ ही एलजी ने राष्ट्रीय खेलों के रजत पदक विजेता ऋतिक शर्मा से भी मुलाकात की और आगामी एफआईएसयू विश्व विश्वविद्यालय खेलों के लिए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
इस दौरान एलजी ने कहा कि माता वैष्णो देवी श्राइन बोर्ड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कटड़ा के एथलीटों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों में उल्लेखनीय उपलब्धियां प्रदेश के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं। उन्होंने एथलीटों को प्रशासन की ओर से हर संभव सहायता का आश्वासन भी दिया। इनके बाद जसरोटा से विधायक राजीव जसरोटिया ने भी एलजी से मुलाकात की।