कई अहम पदों पर रह चुके हैं राकेश सागर
सूत्रों ने बताया कि जम्मू बेंच की कार्रवाई आठ जून से शुरू होगी। केंद्र सरकार की ओर से नियुक्त बेंच के न्यायिक सदस्य राकेश सागर जैन सुनवाई शुरू करेंगे। जैन जम्मू-कश्मीर के मूल निवासी हैं। वे यहां जम्मू व उधमपुर के प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट व सेशन जज, राजोरी, रियासी, रामबन व सांबा के जिला जज, टाडा व पोटा कोर्ट के पीठासीन अधिकारी, जम्मू व श्रीनगर दोनों विंग में रजिस्ट्रार की जिम्मेदारी निभा चुके हैं।
जवाबदेही आयोग के दफ्तर में शुरू होगा बेंच
सूत्रों ने बताया कि बेंच के लिए डीसी दफ्तर के बगल में जवाबदेही आयोग के दफ्तर को चुना गया है। जम्मू-कश्मीर पुनर्गठन अधिनियम के लागू होने के बाद से जवाबदेही आयोग का अस्तित्व समाप्त हो गया है। फिलहाल आयोग का काम बंद होने के कारण अब यहां कैट की बेंच शुरू होगी।
केंद्र सरकार के फैसले से प्रदेश के लाखों कर्मचारियों तथा हजारों वकीलों को लाभ मिला है। अब न्याय पाने के लिए ज्यादा भागदौड़ नहीं करनी होगी। बार एसोसिएशन की मांग पर केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है, जिसका स्वागत है। खासकर पीएमओ में राज्यमंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह का जिन्होंने स्थिति को समझते हुए यहां के लोगों को बड़ी राहत दी है।
- अभिनव शर्मा, अध्यक्ष-जम्मू कश्मीर हाईकोर्ट बार एसोसिएशन