चिनैनी। जम्मू-श्रीनगर हाईवे पर रामबन के पीड़ा में पस्सी गिरने से चिनैनी तक वाहनों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं। चिनैनी से उधमपुर के बीच लंबा जाम लग गया। इस कारण वाहनों को एक घंटे का सफर करने में पांच घंटे से अधिक का समय लग गया।
जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह दस बजे रामबन के पीड़ा के पास पस्सी गिर गई, जिस कारण घाटी की ओर जा रहे वाहनों को रोक दिया गया। इससे चिनैनी से उधमपुर के बीच वाहनों की लंबी कतारें लग गई और यात्रियों सहित वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। वहीं, एंबुलेंस में मरीज तक करहाते नजर आए। जाम के कारण स्कूल-कालेज जाने विद्यार्थियों को दिक्कत हुई। उन्होंने प्रशासन को कोसते हुए जल्द समस्या का समाधान करने की मांग उठाई है।
पूर्व विधायक को करना पड़ा चार किलोमीटर पैदल सफर
जाम के कारण पूर्व विधायक कृष्ण चंद्र भगत को भी परेशानी का सामना करना पड़ा। उन्हें चार किलोमीटर पैदल सफर कर चिनैनी पहुंचना पड़ा। उन्होंने रोष व्यक्त करते हुए कहा कि प्रशासन हाईवे की समस्या दूर नहीं कर पा रहा है। इससे रोजाना जनता परेशान हो रही है। सरकार को इस ओर ध्यान देना चाहिए।