जिले के डोरू क्षेत्र से सुरक्षाबलों ने आतंकी संगठन जैश ए मोहम्मद के एक आतंकी को सोमवार को गिरफ्तार किया। इसकी शिनाख्त हिलाल अहमद नायकू के रूप में हुई है। उसके पास से हथियार तथा गोला बारूद बरामद किया गया है।
पुलिस के अनुसार हिलाल पिछले काफी समय से इलाके में सक्रिय था। इसकी गिरफ्तारी से आतंकी संगठन को तगड़ा झटका लगा है। एक सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आतंकी को गिरफ्तार किया गया। इस आपरेशन में 19 राष्ट्रीय रायफल्स तथा अनंतनाग पुलिस की टीम शामिल थी।
लश्कर के दो ओजीडब्ल्यू गिरफ्तार
उत्तरी कश्मीर के बारामुला जिले के सुंबल इलाके से रविवार की देर रात सुरक्षा बलों ने आतंकी संगठन लश्कर ए ताइबा के दो ओवर ग्राउंड वर्कर (ओजीडब्ल्यू) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार हाजिन इलाके में छापा मारकर इन्हें पकड़ा गया।
इनकी शिनाख्त मोहम्मद इकबाल वानी तथा जहूर अहमद पररे के रूप में हुई है। दो हैंड ग्रेनेड, दो एके मैगजीन तथा 60 गोलियां इनके कब्जे से बरामद की गई हैं। सूत्रों के अनुसार जहूर लश्कर कमांडर मोहम्मद सलीम पररे का भाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।