जिले के पंथा चौक में बृहस्पतिवार को आधी रात बाद हुई मुठभेड़ में मारे गए तीनों दहशतगर्द जैश-ए-मोहम्मद के थे। मुठभेड़ में घायल पांच जवानों की हालत स्थिर है। मारे गए आतंकियों में से एक जेवन इलाके में 13 दिसंबर को पुलिस बस पर हुए हमले में शामिल था। हमले में तीन पुलिसकर्मी शहीद हो गए थे, जबकि 11 घायल हुए थे।
पुलिस ने बताया कि आतंकवादियों की मौजूदगी की खुफिया जानकारी मिलने के बाद श्रीनगर शहर की बाहरी सीमा पर पंथा चौक में सुरक्षा बलों ने घेराबंदी कर तलाशी अभियान शुरू किया था। इस दौरान आतंकवादियों ने सुरक्षा बलों पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई से शुरू हुई मुठभेड़ में तीन आतंकी मारे गए। शुरुआती गोलीबारी में तीन पुलिस कर्मी और सीआरपीएफ के दो जवान घायल हो गए। उन्हें सेना के 92 बेस अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत स्थिर है।
पत्थरबाज टीआरएफ के लिए युवाओं की कर रहा था भर्ती
एनआईए ने द रजिस्टेंस फ्रं ट (टीआरएफ ) आतंकवादी समूह के सदस्य अरसलान फि रोज को युवाओं को कट्टरपंथी बनाने और आतंकवादी गुटों में शामिल करने के लिए उनकी भर्ती करने के आरोप में गिरफ्तार किया है। जांच एजेंसी ने वीरवार को श्रीनगर के जलदागर महाराजगंज इलाके में स्थित आवास पर वीरवार को छापा मारकर तलाशी ली थी। यह कुख्यात पत्थरबाज भी है।
एनआईए प्रवक्ता ने बताया कि यह मामला जम्मू-कश्मीर के युवाओं को कट्टरपंथी बनाने, उकसाने और भर्ती करने के उद्देश्य से केंद्र शासित प्रदेश और देश के अन्य हिस्सों में लश्कर-ए-ताइबा के छद्म संगठन टीआरएफ के कमांडर सज्जाद गुल, सलीम रहमानी उर्फ अबू साद और सैफु ल्ला साजिद जट्ट द्वारा हिंसक गतिविधियों को अंजाम देने के लिए रची गई साजिश से संबंधित है। अधिकारियों के अनुसार फि रोज इन लोगों के साथ एक आपराधिक साजिश के तहत युवाओं की भर्ती कर रहा था।