जम्मू के अखनूर सेक्टर में एलओसी के पास आतंकवादियों की गतिविधियों का पता लगाने के लिए सेना ने ड्रोन और अत्याधुनिक उपकरणों के साथ तलाशी अभियान शुरू किया।
जम्मू के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास आतंकवादियों की गतिविधियों के बारे में पिछले हफ्ते रिपोर्ट मिलने के बाद शुरू हुआ तलाशी अभियान रविवार को दूसरे दिन में जारी रहा। इस अभियान में सेना ने ड्रोन और अन्य अत्याधुनिक उपकरणों का उपयोग किया।
विज्ञापन
यह अभियान शनिवार को भट्टल क्षेत्र में शुरू हुआ, जब ग्रामीणों ने जोगीवान जंगल क्षेत्र में संदिग्ध गतिविधियां देखी और संदेह जताया कि ये आतंकवादी सीमा पार से घुसने की कोशिश कर रहे थे। अधिकारियों के अनुसार, तलाशी अभियान जारी है और क्षेत्र को कवर करने के लिए अतिरिक्त सैनिकों को तैनात किया गया है, हालांकि अब तक संदिग्ध व्यक्तियों का कोई पता नहीं चला है। उन्होंने बताया कि सुरक्षा बलों ने इस क्षेत्र को साफ करने के लिए ड्रोन, अन्य उपकरणों और श्वान दस्तों का इस्तेमाल किया है, जबकि पुलिस दल भी इस अभियान में शामिल हो गए हैं।
इससे पहले पिछले साल 28 और 29 अक्तूबर को अखनूर सेक्टर में पाकिस्तान स्थित आतंकवादी संगठन जैश-ए-मोहम्मद के तीन सशस्त्र आतंकवादियों को एक दो दिवसीय ऑपरेशन में मार गिराया गया था।