पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता शहनवाज हुसैन ने कहा कि विधानसभा चुनाव के पहले दो चरण में भारी मतदान होने से पाकिस्तान बौखला गया है। उसी का नतीजा है कि शुक्रवार को पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठनों द्वारा कश्मीर के अलग-अलग इलाकों में चार हमले किए गए।
शाहनवाज ने कहा कि पाकिस्तान की इस नापाक हरकत का कश्मीर के लाग तीसरे चरण में भी भारी मतदान कर जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि बैलेट से दिया जाएगा बुलेट का जवाब। श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान शाहनवाज ने कहा कि शुक्रवार को हुए आतंकी हमले पाकिस्तान की कायरता का सुबूत हैं।
उन्होंने कहा कि इससे साफ है कि पाकिस्तान और पाकिस्तान समर्थित आतंकी संगठन कश्मीर के लोगों के दुश्मन हैं और नहीं चाहते कि कश्मीर के लोग अमन चैन की जिंदगी बसर करें।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि पाकिस्तान द्वारा करवाए गए हमले भारत के लोकतंत्र पर किए गए हमले हैं और भारत इसका मुंहतोड़ जवाब देगा। इस दौरान उन्होंने दावा भी किया कि भाजपा बहुमत हासिल करेगी और रियासत में अगली सरकार बनाएगी।