जम्मू-कश्मीर सरकार की दिल्ली से जम्मू और दिल्ली से श्रीनगर के बीच सस्ती चार्टर्ड फ्लाइट सेवा शुरू करने की योजना है। राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए इन हवाई सेवाओं का किराया 5,000 रुपये फिक्स किया जा सकता है।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, सभी पहलुओं पर विचार करने के बाद मुफ्ती मोहम्मद सरकार की अगले महीने से इन हवाई सेवाओं को शुरू करने की योजना है। राज्य सरकार की नजर गर्मी की छुट्टियों में घूमने आने वाले घरेलू, विशेषकर दिल्ली के पर्यटकों पर है।
सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार को इस संबंध में एयर इंडिया से किराया संबंधी प्रस्ताव भी प्राप्त हो चुका है। वह दूसरी विमानन सेवाओं के प्रस्तावों का इंतजार कर रही है। इसके बाद ही कोई समझौता किया जाएगा।