मुंबई पर ऐतिहासिक जीत दर्ज करने के बाद बुधवार को रणजी ट्राफी ग्रुप ए में जेएंडके को पहली पारी की बढ़त से बड़ौदा के खिलाफ तीन अंक लेने में कामयाबी मिली। इस चार दिनी मुकाबले में मेजबान बड़ौदा को सिर्फ एक अंक से संतुष्टि करनी पड़ी।
कोई नतीजा न निकलने पर मुकाबला ड्रा घोषित किया गया। इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए जेएंडके के राम दयाल को प्लेयर आफ द मैच का पुरस्कार दिया गया। उसने पहली पारी में 124 और दूसरी पारी में 39 रनों के साथ चार विकेट चटकाए।
अंक तालिका में जेएंडके के खाते में नौ अंक शामिल हो गए हैं। ग्रुप ए में अंक तालिका को मजबूत बनाने के लिए अब जेएंडके की कानपुर में आगामी 28 दिसंबर को उत्तर प्रदेश के खिलाफ हो रहे मुकाबले पर नजर रहेगी।
बुधवार को बड़ौदा के बल्लेबाजों ने अंतिम चौथे दिन जेएंडके के 497 रनों के जवाब में अपने घरेलू मैदान पर 370 रनों से आगे खेलना शुरू किया। बड़ौदा को पहली पारी में बढ़त के लिए तीन विकेट पर 127 रन जुटाने थे। लेकिन मेजबान के बल्लेबाज 426 रनों पर ही पवेलियन लौट गए और जेएंडके को पहली पारी में 71 रनों की लीड मिली।
हालांकि दूसरी पारी में जेएंडके के बल्लेबाज भी जल्दी पवेलियन लौटते गए और मात्र 87 रनों पर सात विकेट गिर गए थे। टीम की ओर से कोई भी बल्लेबाज बड़ा स्कोर बनाने में कामयाब नहीं हो सका। निचले क्रम में उतरे राम दयाल ने एक छोर से पारी को संभालते हुए सर्वाधिक पांच चौकों से 39 रनों का योगदान दिया।
इसके अलावा शुभम खजूरिया ने तीन चौकों से 12, ओ हरुण ने दो चौकों से 13, आयन देव सिंह ने दो चौकों से 27, बंदीप सिंह ने चार चौकों से 31, एस बेग ने 10 रन जोड़े। अंतिम दिन का खेल खत्म होने तक जेएंडके ने नौ विकेट पर 147 रन जुटाकर कुल 218 रनों की लीड ले ली थी। पहली पारी की बढ़त के आधार पर जेएंडके को तीन अंक मिले।