जम्मू-कश्मीर के पूर्व
मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला पत्नी से पारिवारिक विवाद मामले में अदालत के समक्ष पेश हो गए। उन्होंने अदालत को बताया कि पत्नी पायल अब्दुल्ला से कुछ शर्तों के साथ समझौते को तैयार हैं। शनिवार को पटियाला हाउस कोर्ट के प्रिसिंपल जज यशवंत कुमार के समक्ष बंद कमरे में हुई सुनवाई के दौरान उमर व पायल के वकीलों के बीच कुछ देर बात हुई। दोनों पक्षों ने समझौते पर सहमति जताई लेकिन उमर ने कुछ शर्तों पर समझौते का तर्क रखा। अदालत ने पायल को उमर की शर्तों पर अपना पक्ष रखने का समय प्रदान करते हुए सुनवाई 12 फरवरी तय कर दी।
इससे पूर्व निचली अदालत ने पायल की अर्जी पर उमर को अपनी पत्नी व दोनों बच्चों के लिए अंतरिम गुजारा भत्ता देने का निर्देश दिया था, जिसे उमर ने दिल्ली हाईकोर्ट में चुनौती भी दी थी। हाईकोर्ट से उमर को कोई विशेष राहत नहीं मिली थी। उमर का तर्क था कि पायल स्वयं अपना गुजारा करने में सक्षम है, ऐसे में निचली अदालत उसे गुजारा भत्ता देने के लिए बाध्य नहीं कर सकतीं।