रियासत के डीजीपी डा. एसपी वैद ने कहा है कि घाटी में हिंसा और आतंक फैलाने के लिए सरहद पार से आनलाइन भर्ती हो रही है। यह गंभीर चिंता का विषय है। श्रीनगर में एक समारोह के बाद पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि कुछ ऐसी ताकतें हैं जो कश्मीर में हमेशा अशांति देखना चाहती है।
वह यहां हालात को बिगाड़ने के लिए इंटरनेट और सोशल मीडिया का सहारा ले रही हैं, क्योंकि आज के साइबर वर्ल्ड में यह लोगों तक पहुंचने का आसान माध्यम है। यह पूछे जाने पर कि क्या पाकिस्तान से ऑपरेट होने वाला आतंकी संगठन जमात-उद-दावा भी आनलाइन रिक्रूटमेंट कर रहा है तो उन्होंने कहा कि वह किसी एक तंजीम का नाम नहीं लेना चाहते।
लेकिन आनलाइन भर्ती की बात सामने आ रही है। उन्होंने कहा कि उत्तरी कश्मीर की बारामुला जेल में मोबाइल फोन पकड़े जाने के मामले की जांच चल रही है। फोरेंसिक टीम जांच कर रही है। इसके बाद ही यह स्पष्ट रूप से कहा जा सकेगा कि मोबाइल में पाकिस्तानी नंबर से संपर्क साधा जा रहा था या नहीं।