जम्मू। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू के राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन विभाग ने विद्यार्थियों का आईटीबीपी की 47वीं बटालियन का शैक्षणिक दौरा करवाया। इसका उद्देश्य छात्रों को आईटीबीपी के जवान और अधिकारियों के साथ बातचीत के लिए एक मंच देना था ताकि उनकी वैचारिक शिक्षा को व्यावहारिक अनुभव के साथ पूरक किया जा सके।
इस दौरान हथियारों, उपकरणों के साथ फोटो प्रदर्शनी लगाई गई थी। आईटीबीपी के कमांडेंट राकेश कुमार ने व्याख्यान के माध्यम से आईटीबीपी की कार्यप्रणाली से परिचित करवाया। कमांडेंट ने छात्रों को आईटीबीपी के ऐतिहासिक विकास, इसकी संगठनात्मक संरचना और देश की सीमाओं की सुरक्षा और प्रबंधन में इसकी भूमिका के बारे में विस्तार से बताया। सीमावर्ती क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्यक्रमों के साथ-साथ अन्य प्रमुख पहलों को लागू करने में आईटीबीपी की भूमिका पर भी चर्चा की गई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रीय सुरक्षा अध्ययन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. आर सुधाकर की विशेष टिप्पणियों के साथ हुआ। इस दौरान डॉ. नीता रानी, डॉ. एकता मन्हास और डॉ. अनुराधा चौधरी थे। ब्यूरो