पैराजंपिंग प्रशिक्षण के दौरान हजारों फीट ऊंचाई से छलांग के बाद पैराशूट नहीं खुलने से सोमवार देर रात लेह निवासी आईटीबीपी जवान करमा शिरिंग फुनसोक (22) की जमीन पर गिरने से मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर सेना को सौंप दिया।
यूपी हरियाणा सीमा पर स्थित यमुना नदी के कई किलोमीटर तक फैले रेतीले मैदान पर सेना के जवान अक्सर प्रशिक्षण लेते हैं।
सोमवार देर रात वायुसेना के जहाज से जवान हजारों फुट की ऊंचाई से छलांग लगाकर पैराशूट के सहारे अंधेरे में जमीन पर सुरक्षित उतरने का प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे थे।
हवाई जहाज से जंप लगाने के बाद फुनसोक का पैराशूट नहीं खुल पाया, जिससे वह हजारों फीट की ऊंचाई से सीधा मैदान पर आ गिरा। सैन्य प्रशासन ने इस घटना की जांच के लिए एक कमेटी का भी गठन किया है।