संवाद न्यूज एजेंसी
रियासी। जिला प्रशासन ने 30 सितंबर 2025 तक दरिया चिनाब के किनारों पर आने-जाने पर रोक लगा दी है। अतिरिक्त डिप्टी कमिश्नर राकेश कुमार ने शनिवार को इस संदर्भ में आदेश जारी किए। आदेश में कहा गया है कि दरिया का जलस्तर बढ़ रहा है। आने वाले दिनों में जलस्तर में और बढ़ोतरी हो सकती है।
आने वाले दिनों में दरिया पर ध्यानगढ़ में बने सलाल डैम के ऊपरी हिस्से अरनास, कनथान,थनपाल के अलावा डैम के निचले हिस्से में स्थित ग्रामीण क्षेत्र गुज्जर कोठियां,तलवाड़ा, कांसीपट्टा, जेडी,डेरा बाबा से अखनूर की सीमा तथा अखनूर के इलाकों में भी पानी का जलस्तर बढ़ सकता है। पानी का जलस्तर कब ज्यादा हो जाए और कब कम, इसके बारे में सही जानकारी मिलना असंभव है।
आदेश में दरिया किनारे रहने वाले लोगों को कहा गया कि वह स्वयं भी या अपने माल मवेशियों को लेकर दरिया किनारे नहीं जाएं। दरिया के आसपास गर्मी में ठंडी हवाओं का लुत्फ लेने वालों के लिए भी आदेश है कि वह भी अपने परिवार साथ दरिया के पास नहीं जाएं।