चुनाव में खलल डालने के प्रयास में जुटे आतंकी संगठन चुनाव के बाद भी दहशत फैलाने की फिराक में है। कश्मीर में अशांति फैलाने के लिए आतंकी संगठनों पर आईएसआई का दबाव है। दरअसल आईएसआई कश्मीर में बर्फ गिरने से पहले अधिक से अधिक घुसपैठ कराना चाहता है, क्योंकि इसके बाद उसके लिए घुसपैठ कराना आसान नहीं रहेगा।
बारामूला, कुपवाड़ा, शोपियां, राजोरी और पुंछ जिले में आने वाले दिनों में घुसपैठ के प्रयास तेज हो सकते हैं। पुंछ जिले में सबसे अधिक दबाव है, क्योंकि कुछ ही दिन के बाद पीर पंजाल की पहाड़ियों पर बर्फबारी शुरू हो जाएगी। इसके साथ ही मुगल रोड भी बंद हो जाएगा।
आतंकियों के लिए पुंछ जिले की एलओसी से घुसपैठ कर मुगल रोड से घाटी में प्रवेश करने का रूट पसंदीदा है। हालांकि सेना ने भी एलओसी पर पैनी निगाह रखी है। हालांकि मेंढर में एलओसी से कुछ आतंकियों के घुसपैठ करने की सूचनाएं हैं। ऐसे प्रयास और हो सकते हैं।