अलगाववादी नेता सैय्यद अली शाह गिलानी व अन्य
- फोटो : File Photo
अलगाववादियों को हवाला के जरिए पाकिस्तान से हो रही फंडिंग के मामले की जांच कर रही एनआईए की टीम लगातार तीसरे दिन अलगाववादी नेताओं से पूछताछ में जुटी हुई है। सूत्रों के मुताबिक राष्ट्रीय जांच एजेंसी के अधिकारी कश्मीर में अलगाववादियों को पाकिस्तान और आतंकी संगठनों से पैसे मिलने के मामले की गहन जांच कर रहे हैं।
जानकारी के अनुसार जांच एजेंसी के अधिकारी अलगाववादी नेताओं से उनकी फंडिंग, पाकिस्तान कनेक्शन समेत कई बड़े मामलों पर पूछताछ कर रही है। इसके साथ ही कश्मीर में पिछले साल 4 महीने तक रहे हिंसा के हालातों के बीच स्कूलों को जलाने की घटनाओं के पाकिस्तान की शह पर होने की जांच भी की जा रही है।
इससे पहले रविवार को एनआईए ने लगातार दूसरे दिन अपनी पूछताछ जारी रखी। एनआईए ने रविवार को अलगाववादी नेता फारूक अहमद डार उर्फ बिट्टा कराटे, जावेद अहमद बाबा उर्फ गाजी से कश्मीर में हवाला के जरिए फंडिंग के मामले में उनकी संलिप्तता, पैसों के एकत्रीकरण और हवाला के जरिए पैसों के लेनदेन से जुड़े तमाम विषयों पर गहन पूछताछ की थी।