राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने मंगलवार को हुर्रियत नेता नईम खान से पाकिस्तानी और आतंकी संगठनों से फंडिंग मामले पर पूछताछ की। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार खान को इस मामले से संबंधित कुछ दस्तावेज देने को कहा गया है।
एनआईए कश्मीर घाटी में हिंसक गतिविधियों को बढ़ावा देने, सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और सुरक्षा बलों को निशाना बनाने में लश्कर के प्रमुख हाफिज मोहम्मद सईद और हुर्रियत नेता सैयद अली शाह गिलानी की भूमिका की भी जांच कर रही है।
जांच के सिलसिले में लगातार चौथे दिन एनआईए ने श्रीनगर में डेरा डाले रखा। हिंसा फैलाने की एवज में पाकिस्तान और आतंकी संगठनों से फंडिंग के मामले के खुलासे के बाद एनआईए फारूक अहमद दार उर्फ बिट्टा कराटे, जावेद अहमद बाबा उर्फ गाजी से भी पूछताछ कर रही है।