राज्य सरकार ने रामबन में छह अक्तूबर को हुए सड़क हादसे मामले में जांच कमेटी का गठन किया है। हादसे में 22 यात्रियों की मौत हो गई थी। नेशनल हाईवे के केला मोड़ के पास एक बस 300 फुट गहरी खाई में गिर गई थी। परिवहन विभाग के प्रधान सचिव असगर समून ने इस संबंध में आदेश जारी किया है।
कमेटी में उधमपुर और रामबन के जिला उपायुक्त, एसएसपी रामबन, आरटीओ जम्मू और नेशनल हाईवे अथारिटी के प्रोजेक्ट डायरेक्टर शामिल किए गए हैं। कमेटी जांच करेगी कि इस हादसे की वजह क्या रही? इसका कौन जिम्मेदार है, किसकी वजह से यह हुआ?
सात दिन के भीतर कमेटी जांच करके सरकार को रिपोर्ट सौंपेगी। डोडा और किश्तवाड़ में होने वाले सड़क हादसों को रोकने के लिए कमेटी अपनी सलाह भी देगी। उल्लेखनीय है कि हर छह महीने के बाद डोडा और किश्तवाड़ जिलों में इस तरह के भीषण बस हादसे होते हैं। जिसमें कई लोगों की जान चली जाती है। बार-बार हादसे होने के बाद भी इन पर अंकुश नहीं लग रहा।