जम्मू विश्वविद्यालय (जेयू) में पांच दिवसीय अंतर-विश्वविद्यालय नॉर्थ जोन यूथ फेस्टिवल अंतर्नाद-2023 का आयोजन आज से शुरू हो गया है। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को इसका शुभारंभ किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के उप-कुलपति प्रो. उमेश राय सहित अन्य विश्वविद्यालय प्रबंधक एवं शिक्षक उपस्थित रहे। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के साथ-साथ बहुलतावादी, संस्कृति और धर्मनिरपेक्षता के लिए संकल्पबद्ध है।
इस दौरान उपराज्यपाल ने कहा कि सांस्कृतिक और रचनात्मक गतिविधियां छात्रों को उत्कृष्टता प्राप्त करने के लिए प्रेरित करती हैं। उनकी प्रतिभाओं का पोषण करती हैं और मन को प्रज्वलित करती हैं। साथ ही देश की भावी पीढ़ियों के लिए सभ्यतागत विरासत का पोषण करती हैं।
एलजी मनोज सिन्हा ने कहा कि कलात्मक विधाएं खिड़कियों की तरह हैं जो युवाओं के लिए रचनात्मकता के अनंत ब्रह्मांड तक खुलती हैं। संगीत, नृत्य, ललित कला, रंगमंच और साहित्य छात्रों को अपने विचारों को संकल्पबद्ध करने और रचनात्मक क्षितिज का विस्तार करने के लिए प्रोत्साहित करते हैं।
प्रो. उमेश राय ने कहा कि जम्मू विश्वविद्यालय एसोसिएशन ऑफ इंडियन यूनिवर्सिटीज के सहयोग से इंटर-यूनिवर्सिटी नॉर्थ जोन यूथ फेस्टिवल के 36 वें संस्करण की मेजबानी कर रहा है। इसमें 18 से अधिक विश्वविद्यालय और 1000 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं। कार्यक्रम में विभिन्न गतिविधियों में साहित्यिक, कला, ललित कला में प्रतिभागी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। जम्मू विश्वविद्यालय सहित जम्मू से तीन स्थानीय टीमें भी इस महोत्सव में भाग ले रही हैं।