अमर उजाला ब्यूरो
जम्मू। यातायात नियम तोड़ने वालों पर सोमवार से शहर में और अधिक सख्ती होगी। शहर के 13 स्थानों पर लगाई गई इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिग्नल लाइटें सोमवार 27 फरवरी से काम करना शुरू कर देंगी। ऐसे में यदि आप इन लाइटों के सामने से गुजरें तो जरा सावधानी से। एक भी नियम तोड़ने पर चालान कटकर मोबाइल फोन या घर पहुंच जाएगा। हालांकि शहर के 39 जगहों पर ये लाइटें लगाई गई हैं। लेकिन 13 जगहों पर ये सोमवार से काम करना शुरू कर देंगी। लाइटें नगर निगम और यातायात पुलिस के पास बने संयुक्त इंटेलिजेंट ट्रैफिक सिग्नल लाइट सिस्टम केंद्र से जुड़ीं हैं। यदि कोई नियम तोड़ेगा तो कैमरे में कैद हो जाएगा।
जानकारी के अनुसार बिक्रम चौक, एशिया गेट, रेलवे क्राॅसिंग मंडलायुक्त कार्यालय, इंदिरा चौक, शकुंतला चौक, विजिलेंस रोटरी, अंबफला चौक, हाईकोर्ट जानीपुर चौक, ज्यूल चौक, वाल्मीकि चौक, गुज्जर नगर चौक, आरबीआई मोड़, मेन स्टाप गांधी नगर में लाइटें काम करेंगी। इनकी मदद से ई चालान कटेगा।