पुंछ के भाटादूड़ियां में आतंकियों की तलाश करते सुरक्षाबल।
- फोटो : एएनआई
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में आतंकियों की तलाश के बीच खुफियां एजेंसियों ने अलर्ट जारी किया है। इसमें बर्फबारी से पहले सीमापार से घुसपैठ की कोशिश बढ़ने की आशंका जताई है। सूत्रों के मुताबिक यह इनपुट आतंकी संगठनों की बातचीत के बाद सांझा की गई है। उधर एजेंसियों को जानकारी मिली है कि सर्जिकल स्ट्राइक में तबाह हुए आतंकी ठिकानों को पाकिस्तान ने फिर से शुरू कर दिया है।
नियंत्रण रेखा (एलओसी) से सटे इलाकों में यह ठिकाने बनाए गए हैं। यहां पर बड़े पैमाने पर आतंकी गतिविधियों को अंजाम दिया जा रहा है। इसके अलावा फिर से जम्मू-कश्मीर के राजोरी, पुंछ बारामुला, और कुपवाड़ा से भारी बर्फबारी के बीच आतंकियों की बड़ी संख्या में घुसपैठ की आशंका जताई गई है।
पुंछ के भाटादूड़ियां के जंगलों में आतंकियों की जोर-शोर से तलाश शुरू
पुंछ जिले के मेंढर के भाटादूड़ियां जंगल में आतंकियों की तलाश लगातार जारी है। सुरक्षाबल जंगल के चप्पे-चप्पे को खंगालने में जुटे हैं। सुरक्षा बलों ने प्राकृतिक गुफाओं की घेराबंदी कड़ी कर दी है। इसके अलावा आतंकियों की जानकारी कि बाद जंगल के एक हिस्से में भी आग लगाई गई थी। इलाके में सेना और पुलिस के एसओजी विंग के जवान एहतियात बरतते हुए मोर्चा संभाले हुए हैं।
सर्जिकल स्ट्राइक में चार से पांच लांचिंग पैड किए थे तबाह
सर्जिकल स्ट्राइक में पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) के बिंबर, तत्तापानी, केल लीप सेक्टर में चार से पांच लांचिंग पैड तबाह किए गए थे। बताया जाता है कि इसमें 30 से ज्यादा आतंकी भी मारे गए थे। सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तान ने पीओके के कोटली, मीरपुर में भी लांचिग पैड तैयार किए हैं। हर एक जगह पर 20 से 30 आतंकी सक्रिय हैं। इन आतंकियों को पुंछ, बारामुला या फिर कुपवाड़ा से घुसपैठ करा कर बड़ा हमला करने के लिए तैयार किया जा रहा है।
आतंकियों की बात भी रिकॉर्ड
खुफिया एजेंसियों के सूत्रों ने बताया कि एलओसी के पार आतंकी लांचिंग पैड पर आतंकियों की बातचीत को रिकॉर्ड किया गया है। इसमें आतंकी बडा हमला करने की बात कर रहे हैं।