रियासत में बढ़ते आतंकी हमलों, भूकंप की घटनाओं और बाढ़ से निपटने के लिए राज्य पुलिस ने मास्टर प्लान तैयार किया है। इसके लिए इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सेंटर स्थापित करने की तैयारी की जा रही है।
कश्मीर और जम्मू में इसका एक-एक सेंटर स्थापित किया जाएगा। ऐसे में अब किसी भी तरह की घटना के बाद राहत और सुरक्षा के लिए एक ही जगह से सभी विभागों का बचाव काफिला एक साथ निकलेगा।
राज्य पुलिस के तकनीकी विंग के आईजी हेमंत कुमार लोहिया ने बताया कि सेंटर में पैरा मिलिट्री फोर्स, पुलिस, स्वास्थ्य विभाग, दमकल विभाग, एसडीआरएफ की टीमें मौजूद रहेंगी। एंबुलेंस, बुलेट प्रूफ वाहन, एसडीआरएफ का ढांचा आदि भी इसमें रहेगा।
इस पर शुरुआत में 50 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसके बाद जैसे-जैसे इसका दायरा बढ़ेगा, इसे अपग्रेड किया जाएगा। प्रोजेक्ट को केंद्र सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। उम्मीद है कि एक-दो महीनों में इस पर काम शुरू कर दिया जाएगा।