बाड़ी ब्राह्मणा। पंचायत पल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली के बाद लोगों को आ रही समस्याओं को देखते हुए एसडीएम विनय शर्मा ने पंचायत पल्ली का दौरा किया। उन्होंने सरपंच रणधीर शर्मा से भी मुलाकात की।
पंचायत में कुछ दिनों से पंचायत के नुमाइंदों और स्थानीय लोगों द्वारा आरोप लगाए जा रहे हैं कि प्रधानमंत्री की रैली को लेकर जो जमीन पार्किंग और रैली स्थल के लिए समतल की गई थी उसे अभी तक लोगों में वापस बांटकर नहीं दिया गया है। न ही जो हेलीपैड बनाया गया उन्हें डिस्मेंटल किया जा रहा है, जिससे युवाओं को खेलकूद में परेशानी आ रही है। पंचायत में कुछ दिनों से सरपंच और पंचों के बीच अनबन चल रही है। एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप चल रहे हैं। दौरे के दौरान एसडीएम ने रैली स्थल और पार्किंग की जगह का मुआयना किया। उन्होंने सरपंच से मुलाकात की। सरपंच ने बताया कि एसडीएम द्वारा बताया गया है कि हेलीपैड और पार्किंग वाली जगह को दोबारा से समतल करने के लिए जल्द ही टेंडर जारी कर दिया जाएगा। इसके तहत सारे कामों को अंजाम दिया जाएगा। सरपंच ने बताया कि कुछ जगह से मलबा उठाया जा रहा है। थोड़े दिनों में पूरी जगह ठीक कर दी जाएगी। ताकि लोग धान की फसल की रोपाई कर सकें।