सांबा। उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने मंगलवार को सांबा का दौरा किया। वह सुपवाल में बनाए गए कोविड केयर केंद्र पहुंचे। वहां प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक कर जिले में कोविड महामारी पर चर्चा की। उन्होंने जिला प्रशासन की ओर से उठाए कदमों की जानकारी ली। ऑक्सीजन प्लांट के दौरे के दौरान निर्देश दिए कि मरीजों को ऑक्सीजन की कमी न होने पाए।
उपायुक्त अनुराधा गुप्ता ने जिले में कोविड से लड़ने के लिए उठाए जा रहे कदमों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। वहीं पंचायत स्तर पर पांच-पांच बिस्तर के कोविड केयर केंद्रों के बारे में भी एलजी को जानकारी दी। बाद में एलजी जिला कोविड अस्पताल में पहुंचे और कोविड मरीजों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टरों के साथ भी बातचीत की। एलजी ने जिला अस्पताल में बनाए आक्सीजन प्लांट का भी दौरा किया। ऑक्सीजन की कमी न बनने पाए। इस बारे में भी प्रशासन को निर्देश जारी किए।
इस अवसर पर एसएसपी राजेश शर्मा, सीएमओ डॉ. संजे व अन्य अधिकारी साथ थे। गौरतलब है कि जिला अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाया गया है। इसमें सौ बिस्तर की सुविधा है। कोविड मरीजों के लिए प्रत्येक बिस्तर पर ऑक्सीजन पहुंचाई गई है। कोविड महामारी के बढ़ रहे मामलों को लेकर ही एलजी ने जिला कोविड अस्पताल में उपचार व सुविधाओं की जानकारी जुटाने के लिए दौरा किया।