श्रीनगर। भारी बारिश के कारण जलभराव की समस्या से निपटने के लिए श्रीनगर नगर निगम (एसएमसी) के कमिश्नर डॉ. ओवैस अहमद ने श्रीनगर के प्रमुख क्षेत्रों में जल निकासी कार्यों का गहन निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता (एसई) ड्रेनेज सर्किल, कार्यकारी अभियंताओं और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयुक्त ने जल निकासी के मौजूदा प्रबंधन उपायों की प्रभावशीलता की समीक्षा की, ताकि पानी की निकासी तेजी से और कुशलता से हो सके।
निरीक्षण के दौरान डॉ. ओवैस ने व्यक्तिगत रूप से संवेदनशील हॉटस्पॉट की जांच की और फील्ड टीमों द्वारा अपनाई गई परिचालन रणनीतियों का मूल्यांकन किया। उन्होंने स्थायी जल निकासी स्टेशनों का निरीक्षण किया और उन्नत मोबाइल पंपिंग इकाइयों की तैनाती और कामकाज का आकलन किया, जो शहरी बाढ़ को नियंत्रित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसके अलावा आयुक्त ने एससीएडीए (सुपरवाइजरी कण्ट्रोल एंड डाटा अक्यूजीशन) प्रणाली के माध्यम से जल निकासी प्रणाली की निगरानी की - एक उन्नत तकनीक जो जल निकासी बुनियादी ढांचे की वास्तविक समय की निगरानी और प्रबंधन को सक्षम बनाती है। इस एकीकरण का उद्देश्य जल निकासी प्रक्रियाओं को अनुकूलित करना और प्रतिकूल मौसम की स्थिति के दौरान शहरी जलभराव को रोकना है। ब्यूरो