अंतरराष्ट्रीय सीमा पर सांबा सेक्टर में बीएसएफ ने शुक्रवार की रात घुसपैठ की कोशिश को नाकाम किया। इस दौरान एक आतंकी के मारे जाने की खबर है। देर रात रामगढ़ सेक्टर में पाकिस्तान ने सीजफायर तोड़ते हुए गोलाबारी शुरू कर दी।
बीएसएफ प्रवक्ता के अनुसार शुक्रवार की रात लगभग नौ बजे 4-6 आतंकियों का ग्रुप सांबा सेक्टर में तरनाह नाला से घुसपैठ की कोशिश कर रहा था। उन्होंने नाले के नाका पर तैनात जवानों पर अत्याधुनिक असलहों से गोलीबारी शुरू कर दी। सतर्क जवानों ने जवाबी कार्रवाई की। इसके बाद आतंकी भाग निकले। प्रवक्ता ने बताया कि तारबंदी के पास एक संदिग्ध का शव पड़ा दिख रहा है।
रात के अंधेरे की वजह से सुबह सर्च आपरेशन चलाया जाएगा। रामगढ़ सेक्टर में शुक्रवार की रात लोग लोहड़ी मनाकर अभी सोने की तैयारी कर रहे थे कि रात 11 बजे पाकिस्तान ने छोटे हथियारों से गोलाबारी शुरू कर दी।
जानकारी के मुताबिक रामगढ़ सेक्टर में बाबा चमलियाल की दरगाह के पास पाकिस्तान ने रात के 10:50 बजे फायरिंग शुरू की। गोलाबारी शुरू होते ही जेड्रा, दग छन्नी आदि सीमावर्ती गांवों में दहशत का माहौल बन गया। लोग घरों में ही दुबके रहे।
पुंछ में आतंकी ठिकाना ध्वस्त
मुठभेड़ के दौरान मोर्चा संभाले सेना के जवान
- फोटो : FILE PHOTO
जिले की सूरनकोट तहसील के चमरेड क्षेत्र में सेना की 16 राष्ट्रीय रायफल और पुलिस ने साझा तलाशी अभियान चलाकर एक आतंकी ठिकाना ध्वस्त किया। इस दौरान आतंकियों द्वारा छिपा कर रखे गए भारी मात्रा में हथियार और गोला बरामद बरामद किया गया।
इसमें दो एके 56 राइफल, दो चाइनीज पिस्टल, दो आरपीजी राइफल, 36 हैंड ग्रेनेड, 302 एके राइफल की गोलियां, एलएमजी की 88 गोलियां, स्नाइपर राइफल की 12 गोलियां, पिस्टल की दो मैगजीन, पिस्टल की 3 गोलियां, 2 एम 16 राकेट, 3 मोर्टार शेल 51एम एम के और एक क्षतिग्रस्त वायरलेस सेट शामिल है।
एसएसपी जतिंदर सिंह जोहर ने बताया कि ध्वस्त किया गया आतंकी ठिकाना काफी पुराना है। इस सिलसिले में सूरनकोट थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है।