एलओसी पर सेना ने आतंकियों को किया ढेर
- फोटो : Amar Ujala
जम्मू कश्मीर के पुंछ कस्बे के नजदीकी क्षेत्र बगयाल दरा में मंगलवार को नियंत्रण रेखा पर तैनात भारतीय सेना ने आतंकियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। इस दौरान फायरिंग में देर शाम तक दो आतंकियों के मारे जाने की सूचना है।
सूत्रों के अनुसार आतंकियों के शव उठाने की कोशिश में दोनों ओर से फायरिंग चल रही है। मंगलवार सुबह करीब साढ़े छह बजे बगयाल दरा में तैनात सेना की गोरखा रायफल के जवानों ने अग्रिम चौकी बहादुर और जाट रेजीमेंट की लंगूर चौकी के मध्य से आतंकियों के एक दल को घुसपैठ करने की कोशिश करते देखा।
उन्होंने नो मैंस लैंड में पहुंचने पर उन्हें ललकारा, लेकिन आतंकियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। इस पर जवाबी कार्रवाई में एक आतंकी मारा गया। इसके बाद उसके साथी पीओके की तरफ भाग निकले।