दिवाली से एन पहले तक सरहद और एलओसी पर पाकिस्तान की नापाक गोलाबारी से हालात तनावपूर्ण बने रहे। केरन सेक्टर में पाक गोलाबारी से एक महिला नागरिक और बीएसएफ का जवान जख्मी हो गया।
कठुआ के हीरानगर सेक्टर में गोलाबारी की आड़ में घुसपैठ की कोशिश हुई जिसे नाकाम कर दिया गया। आरएस पुरा सेक्टर में आठ पोस्टों को निशाना बनाकर गोलाबारी हुई।
बीएसएफ और सेना ने पाकिस्तानी गोलाबारी का धुआंधार जवाब दिया। गोलाबारी से प्रभावित ज्यादातर इलाके खाली हो गए हैं। कुछ और कुनबों का सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट होने का सिलसिला शनिवार की शाम तक जारी रहा।
टंगधार, केरन और मच्छेल सेक्टर में पिछले 24 घंटों के दौरान पाकिस्तान ने तीन मर्तबा सीजफायर का उल्लंघन किया। शुक्रवार को तंगधार, देर रात मच्छेल सेक्टर और शनिवार को केरन सेक्टर पर पाकिस्तान ने गोले बरसाए।