कश्मीर घाटी में तैनात सेना की 15वीं कोर के सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके भट ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बारामुला जिले में शत्रुघ्न सिन्हा, मिथुन, अमिताभ और सलमान खान जैसे अभिनेता स्टेज पर अपनी एक्टिंग का प्रदर्शन करेंगे।
सेना की ओर से एफटीआईआई के सहयोग से आयोजित स्क्रीन एक्टिंग कोर्स के समापन समारोह के दौरान उन्होंने कहा कि बारामुला जिले से 30 बच्चे चयनित किए गए हैं। यह पाया गया है कि उनमें टैलेंट की कोई कमी नहीं है। उम्मीद जताई कि भविष्य में अन्य जिलों में भी ऐसे कार्यक्रम आयोजित करवाए जाएंगे।
सेना की ओर से फिल्म एंड टेलीविजन में कैरियर बनाने को लेकर बारामुला में प्रशिक्षण कोर्स का आयोजन किया गया। यह प्रशिक्षण एक माह तक चला। इसमें तीस युवा-युवतियों ने अभिनय के गुर सिखे।
युवाओं को अभिनय, गायन के गुर भी सिखाए गए। युवाओं ने अलग-अलग प्रतियोगिताओं में भी हिस्सा लिया। चिनार कोर कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट, जीओसी डुग्गर डिवीजन निदेशक, सेना और पुलिस विभाग से अधिकारी मौजूद रहे। सेना के द्वारा करवाए गए इस प्रशिक्षण कोर्स को काफी सराहा गया है।
कश्मीर घाटी से भी युवा अभिनय के गुर सिख कर फिल्मों में अभिनय कर सकेंगे। लेफ्टिनेंट जनरल एके भट्ट ने कहा कि आगे भी सेना की ओर से इस तरह के कार्यक्रम आयोजित करवाए जाते रहेंगे।