एलओसी पर पाकिस्तान के बैट हमले को नाकाम करते हुए सेना ने पांच से सात आतंकियों व पाकिस्तानी सैनिकों को शनिवार को मार गिराया था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान को इन शवों को लेने जाने का प्रस्ताव भेजा है। इसमें सेना ने पाकिस्तान से सफेद झंडे के साथ आने की बात कही है। हालांकि अभी तक पाक सेना की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।
पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में जैश सरगना मसूद अजहर के भाई इब्राहिम अजहर को देखा गया है। सूत्रों के मुताबिक इब्राहिम अजहर अपने 15 आतंकी गुर्गों के साथ मरकज, सनान बिन सलमा, तरनब फार्म, पेशावर और खैबर पख्तूनख्वा के अलग-अलग आतंकी कैंपों में देखा गया।
खैबर पख्तूनख्वा के जमरूद इलाके में इनकी ट्रेनिंग हुई है। इन 15 आतंकियों को जम्मू-कश्मीर में घुसपैठ कराने के लिए खास तौर पर प्रशिक्षित किया गया है। उल्लेखनीय है कि इससे पहले अमरनाथ यात्रा को लेकर खुफिया सूचना के हवाले से आतंकी खतरे की बात कहते हुए जम्मू-कश्मीर सरकार ने शुक्रवार को एक एडवाइजरी जारी की थी, जिसमें तीर्थयात्रियों को घाटी से जल्द से जल्द लौटने की सलाह दी गई थी।